Thursday 22 April 2021

NT24 News : आप में कांग्रेस नेता और पूर्व आर्मी कैप्टन पार्टी में हुए शामिल.

 आम आदमी पार्टी को मिली मजबूती, कांग्रेस नेता और पूर्व आर्मी कैप्टन पार्टी में हुए शामिल

आप की जनसमर्थक नीतियों और दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लोग पार्टी में हो रहे हैं शामिल : हरपाल सिंह चीमा

आज पंजाब के सभी वर्गों के लोग पंजाब बचाने और राज्य को समृद्ध बनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं

एन टी24 न्यूज़

विनय कुमार शर्मा

चंडीगढ़,

22 अप्रैल, 2021

आम आदमी पार्टी का काफिला पंजाब में दिन-प्रितिदिन बढ़ता जा रहा है, रोज नामी और प्रतिष्ठित लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। गुरुवार को पार्टी को उस समय एक बड़ी बढ़त मिली जब कांग्रेस नेत्री रणजीत कौर और पूर्व आर्मी कैप्टन तरसेम सिंह समेत कई नेता पार्टी में शामिल हुए। चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय में आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने इन नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। कैप्टन तरसेम सिंह भारतीय सेना में कैप्टन रह चुके हैं। वहीं अमृतसर जिले के सथियाला गांव की रहने वाली बीबी रणजीत कौर कांग्रेस पार्टी की नेत्री है।  पार्टी में शामिल  होने वाले एक अन्य नेता परमजीत सिंह ऑल इंडिया एससी फेडरेशन के अध्यक्ष हैं। इन नेताओं के साथ हवलिंदर हरजीत सिंह और सरवन सिंह भी आम आदमी पार्टी पार्टी में शामिल हुए। 
       हरपाल सिंह चीमा ने पार्टी में सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की जन-समर्थक नीतियों और दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लोग बड़ी संख्या में पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाकर और सरकारी अस्पतालों की स्थिति में सुधार करके विकास का एक नया मॉडल पेश किया है। आज दिल्ली के लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए निजी स्कूलों से नाम कटवा रहे हैं और लोगों को दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में अच्छा इलाज हो रहा है। उसी का नतीजा है कि आज देश भर के लोग आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को पसंद कर रहे हैं।
चीमा ने कहा कि आज पंजाब के हर वर्ग के लोग एकजुट होकर पंजाब के बचाने के लिए आप में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए चीमा ने कहा कि कैप्टन ने चुनाव से पहले किए अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। कैप्टन भारत के सबसे खराब मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने झूठे वादे करके पंजाब के लोगों को धोखा दिया। पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार के कार्यों से प्रभावित  होकर पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। सभी नेताओं ने आगे कहा कि वे पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी लगन और मेहनत से पूरा करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए दिन-रात काम करेंगे

No comments: