Saturday 9 April 2022

NT24 News Link : ट्रैक पर सैर कर रहे लोगों से बोले मंत्री, ट्रैक प्रैक्टिस के लिए है सैर के लिए नहीं....

खेल मंत्री संदीप सिंह ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम का किया औचक निरीक्षण

ट्रैक पर सैर कर रहे लोगों से बोले मंत्री, ट्रैक प्रैक्टिस के लिए है सैर के लिए नहीं

खिलाड़ियों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें किया मोटिवेट, बताए करियर संबंधी टिप्स

ड्यूटी से नदारद पाए जाने पर एथलेटिक्स कोच को किया सस्पेंड

एन टी 24 न्यूज़

विनय कुमार शर्मा  

पंचकूला

हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री सरदार संदीप सिंह ने शुक्रवार सुबह ताऊ देवी लाल स्टेडियम पंचकूला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की प्रैक्टिस का जायजा भी लिया। निरीक्षण के समय खेल मंत्री को ट्रैक पर बाहरी लोग सैर करते मिले। जिसके बाद खेल मंत्री ने उन्हें वहां से ट्रैक खाली करने के निर्देश दिए। खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ट्रैक खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के लिए है। इसे सैर या व्यायाम के लिए नहीं बनाया गया। बाहरी लोगों के ट्रैक पर आने से खिलाड़ियों की प्रैक्टिस में बाधा आती है। जिसका सीधा असर उनके करियर व लक्ष्य पर पड़ता है। ऐसा किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने ट्रैक पर व्यायाम और सैर कर रहे लोगों को समझाते हुए कहा कि सैर व योगा के लिए आसपास दूसरे अन्य विकल्प हैं। जिनका लोग प्रयोग कर सकते हैं। लेकिन खिलाड़ियों के पास केवल ट्रैक और स्टेडियम ही होता है। इसलिए उन्हें डिस्टर्ब ना करें। इस अवसर पर खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें मोटिवेट किया और उनकी समस्याएं भी सुनी। साथ ही खेलो इंडिया की तैयारियों को लेकर स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया और संबंधित अधिकारियों को इसमें गुणवत्ता के साथ-साथ काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। खेल मंत्री ने बताया कि कोविड के चलते फरवरी माह में स्थगित किए गए खेलो इंडिया का आयोजन बहुत जल्द हरियाणा की मेजबानी में ही किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरो से जारी हैं। खेल मंत्री संदीप सिंह ने स्टेडियम में तैनात अधिकारियों की अटेंडेंस भी चेक की। इस दौरान ड्यूटी से नदारद पाए जाने पर एक एथलेटिक्स कोच को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। खेल मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के हित से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और चेकिंग का यह अभियान पूरे प्रदेश में निरंतर जारी रहेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना है कि हरियाणा खेलों में इससे भी अधिक तरक्की करे।

No comments: