Wednesday 10 January 2024

NT24 News Link : पल्लेदारों ने किया चंडीगढ़ में जबरदस्त प्रदर्शन...

पल्लेदारों ने किया चंडीगढ़ में जबरदस्त प्रदर्शन

साढ़े तीन लाख वर्करों का हो रहा इससे नुकसान

विनय कुमार

चंडीगढ़

पंजाब में ठेकेदारी प्रथा खत्म करवाने के लिए एकजुटता से जुटे पंजाब के पल्लेदार अब संगरूर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के घेराव की तैयारी में है। चंडीगढ़ सेक्टर-39 स्थित अनाज मंडी में बुधवार को प्रदर्शन के दौरान पल्लेदारों ने कहा कि पंजाब में ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की मांग काफी समय से चल रही है। इसकी वजह है कि ठेकेदार पल्लेदारों को पचास फीसदी से भी कम मजदूरी देते हैं। जिसकी वजह से उनका नुकसान हो रहा है। पल्लेदारों ने यहां पर पंजाब सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। पंजाब प्रदेश पल्लेदार मजदूर यूनियन के प्रधान शिंदर पाल सिंह ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म करने को कहा है पर यहां तो भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। जिसका एक उदाहरण ठेकेदारी प्रथा भी है। उन्होंने बताया कि पंजाब में साढ़े तीन लाख वर्कर हैं। जो कि इस ठेकेदारी प्रथा के तले पिस रहे हैं। इस मौके पर गल्ला मजदूर यूनियन के हरदेव सिंह गोल्डी, पंजाब पल्लेदार एटक यूनियन के अमर सिंह, और फूड हैंडलिंग वर्कर यूनियन के केवल सिंह मोगा और फूड एलाइड वर्कर यूनियन के रमेश सहोता ने बताया कि पंजाब भवन चंडीगढ़ में हुई मीटिंग के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आश्वासन दिया था कि ठेकेदारी प्रथा खत्म की जाएगी। अब तक ऐसा नहीं किया गया। ऐसी स्थिति में यूनियन के सदस्यों ने मांग पूरी करने को कहा। मंत्रियों ने कहा था कि पल्लेदार मजदूर यूनियनों का बोर्ड बनाया जाएगा। अब तक न तो बोर्ड का पता है न ही ठेकेदारी प्रथा खत्म हुई।

 

No comments: