Wednesday 24 January 2024

N24 News Link : संजय टंडन बोले राममय हुआ वातावरण, अब सबके मुख पर है राम-राम...

भाजपा नेता संजय टंडन 24 कण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञापुराण कथा में हुए शामिल, लोगों को अयोध्या राम मंदिर की दी बधाई

 संजय टंडन बोले राममय हुआ वातावरण, अब सबके मुख पर है राम-राम

विनय कुमार

चंडीगढ़

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन आज गांव दरिया (दड़वा) में मनोनित पार्षद धर्मेंद्र सिंह सैनी द्वारा श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आयोजित 24 कण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञापुराण कथा में शामिल हुए। यहां उन्होंने सभी राम भक्तों को श्रीराम लला के अयोध्या मंदिर में विराजमान होने पर शुभकामनाएं दी। भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि 22 जनवरी को ऐसा वातावरण बना कि पानी में राम की खुशबू थी, आकाश व भूमि पर राम-राम की चमक और पाताल में भी राम-राम हो रही थी। हर किसी के मुख पर श्रीराम का नाम था। लोगों ने भी नमस्ते और गुड मॉर्निंग कहना छोड़ राम-राम कहना शुरू कर दिया। देश भर में राममय वातावरण बना। देशवासियों ने 22 जनवरी, श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को दिवाली से भी अधिक बढ़-चढ़कर मनाया। संजय टंडन ने कहा कि राष्ट्र के राम भक्तों की बदौलत है कि प्रभु की कृपा हुई। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि सभी के दिल में मंदिर बने और श्रीराम कृपा से हर कोई सच्चा पथिक बने। इस दौरान उन्होंने हवन के विधि-विधान बारे कहा कि यह पद्धति पुरातन काल से जारी है और गायत्री परिवार सभी को एकजुट कर हवन कराता है। भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि कोरोना काल में हर कोई यह सोचने लगा था कि कहीं दुनिया खत्म ना हो जाए। उस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से बात कर प्रयास किया कि हर कोई अपने घरों में हवन करें और कुल 108 जगह पर हवन कराने का विचार किया। इसके लिए गायत्री परिवार समेत पतंजलि एचवीपी समेत करीब 13 संस्थाओं के सहयोग से सभी को वर्चुअली साथ जोड़ा गया। संजय टंडन ने कहा कि उस दौरान तत्कालीन गवर्नर ने लोगों को संबोधित किया और महंत संपूर्णानंद ने हवन बारे विधि-विधान बताया। फिर घर-घर में हवन हुआ और एकजुटता की मिसाल उस समय कायम हुई जब, 108 जगहों के बजाय कुल 378 जगहों पर हवन कार्यक्रम सफल हुए। हर किसी ने अपने-अपने घरों से भागीदारी की। जिन जगहों पर सामग्री नहीं थी, वहां सामग्री पहुंचाई गई। संजय टंडन ने कहा कि करीब 80 जगहों पर गायत्री परिवार द्वारा कार्यक्रम कराया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता संजय टंडन के साथ प्रदेश सचिव शशिशंकर तिवारी, सुभाष मौर्या, बलजीत सिद्धू, अरविंद कुमार व अजय समेत अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments: